वाराणसी हॉस्पिटल बक्सर में महिला की मौत परिजनों का हंगामा

बक्सर नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार वार्ड संख्या–4 स्थित वाराणसी हॉस्पिटल (नई बाजार स्टेट बैंक के बगल, डीपीएस गली) में एक महिला की मौत के बाद शनिवार की शाम अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान नया बाजार निवासी मनोज कुमार राम की 24 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार गुड़िया देवी का यह पहला प्रसव था। 2 जनवरी की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर में भर्ती कराया गया था। वहां संतोषजनक व्यवस्था नहीं मिलने और साथ गई आशा कार्यकर्ता के कहने पर शनिवार 3 जनवरी की सुबह परिजन उसे वाराणसी हॉस्पिटल, नया बाजार ले गए। वहां चिकित्सकों द्वारा सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह दी गई और इसके लिए 30 हजार रुपये की मांग की गई, जिसे परिजनों ने भुगतान किया। ऑपरेशन के बाद एक पुत्र का जन्म हुआ।

आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर महिला को पटना रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि न तो उन्हें कोई पर्ची दी गई और न ही इलाज से संबंधित कोई रसीद सौंपी गई। उनका आरोप है कि गुड़िया देवी की मौत बक्सर में ही हो चुकी थी, इसके बावजूद उसे पटना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पटना से लौटने के बाद आक्रोशित परिजन शनिवार की शाम वाराणसी हॉस्पिटल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से अस्पताल प्रबंधन फरार है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



