जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू, डीएम साहिला ने दिखाई हरी झंडी
नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता रथ के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचेगा आग से बचाव का संदेश


बक्सर जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आग से बचाव और आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

डीएम साहिला ने होमगार्ड सह जिला अग्निशमन कार्यालय परिसर से नुक्कड़ नाटक टीम और जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण संस्थान द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में चलाया जाएगा।

डीएम साहिला ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया जाएगा कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार तत्काल काबू पाया जाए तथा किन सावधानियों को अपनाकर आगजनी की घटनाओं को रोका जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से आगामी पर्व-त्योहारों और खेतों में पराली से लगने वाली आग की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अग्नि सुरक्षा उपायों एवं अग्निशमन यंत्रों के सही प्रयोग की जानकारी देने पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धालुओं और आयोजकों को सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की गई है ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का प्रत्येक नागरिक आग लगने की स्थिति में सही कदम उठाने की जानकारी रखे और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके।
डीएम ने कलाकारों से आह्वान किया कि वे अपनी कला के माध्यम से जनसंदेश को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी तथा मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण संस्थान के सचिव विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



