डिज्नीलैंड मेले का भव्य उद्घाटन, विधायक संतोष कुमार निराला ने किया शुभारंभ


बक्सर। शहर के जेल पइन रोड स्थित बुनियादी विद्यालय के पीछे मंगलवार को आयोजित डिज्नीलैंड मेले का भव्य उद्घाटन पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के पश्चात विधायक ने मेले का भ्रमण किया, विभिन्न स्टॉल, मीना बाजार और आकर्षक झूलों का निरीक्षण किया तथा स्वयं भी झूलों का आनंद उठाया।

इस अवसर पर विधायक संतोष कुमार निराला ने कहा कि छुट्टियों के समय में इस तरह के मेले बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन का बेहतर माध्यम होते हैं। ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन प्रदान करते हैं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के अवसर भी सृजित करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए मेले के आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन समारोह में जदयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के अरुण कुमार सिंह, संजय सिंह, जितेंद्र सिंह, टूना राम, अनिरुद्ध तिवारी, श्याम वर्मा, विमलेंद्र कुमार बबलू, राजेश कुशवाहा, विवेक प्रजापति सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेले के आयोजक अभिषेक कुमार ने बताया कि इस वर्ष मेले में आधुनिक और अत्याधुनिक झूलों को आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाया गया है। मेले में टॉवर झूला, ब्रेक झूला, ड्रैगन झूला, मिक्की माउस सहित बच्चों और युवाओं के लिए कई तरह के झूले लगाए गए हैं, जो लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। साथ ही मीना बाजार में ऊनी कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और प्रसिद्ध कोलकाता का अचार खरीदने के लिए उपलब्ध है।
मेले में खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भरपूर इंतजाम किया गया है। खाने-पीने के स्टॉलों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए तरह-तरह के व्यंजन उपलब्ध कराए गए हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक रोहित प्रधान ने मेले पर आधारित गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। उनके गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
मेले के शुभारंभ के साथ ही शहरवासियों में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ मेले में पहुंचे और झूलों, खरीदारी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार, यह मेला आगामी दिनों तक चलेगा और प्रतिदिन नए-नए आकर्षण जोड़े जाएंगे।



