डॉ. के. के. मंडल महिला महाविद्यालय में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Lookबक्सर।शहर के डॉ. के. के. मंडल महिला महाविद्यालय परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस का समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या मीना सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं और उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के पश्चात अपने संबोधन में प्रभारी प्राचार्या मीना सिंह ने सर्वप्रथम देश के अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने छात्राओं से अध्ययन के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया तथा शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों से अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षा और कर्तव्यबोध की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। छात्राओं की भावपूर्ण प्रस्तुतियों पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का विधिवत संचालन महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. चंद्रेश्वर नारायण सिंह द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरीय प्रोफेसर रामाधार सिंह ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रोफेसर अनिल कुमार, प्रोफेसर परमहंस सिंह, प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह यादव, सूर्य नारायण सिंह, चंद्रमणि लाल, मनोज कुमार, रामवती कुमारी, मनोरमा कुमारी, डॉ. विनीता सिंह, विजय कुमार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, धीरेंद्र कुमार, पंकज कुमार, भुनेश्वर यादव, रामनाथ सिंह, राम प्रवेश सिंह, रमाकांत सिंह, गुरुदयाल सिंह, फारुख मुखिया और सलीम अंसारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिसमें सभी ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया।



