तीसरी बार मैदान में कांग्रेस के मुन्ना तिवारी, बक्सर से फिर आजमाएंगे किस्मत


बक्सर। लंबे सियासी इंतज़ार और अंदरूनी रस्साकशी के बाद आखिरकार कांग्रेस पार्टी ने बक्सर विधानसभा सीट से निवर्तमान विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी पर भरोसा जताया है। गुरुवार को पार्टी ने आधिकारिक रूप से उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित करते हुए चुनाव चिन्ह (सिंबल) सौंप दिया।
सिंबल मिलने के बाद मुन्ना तिवारी बक्सर पहुंचे, जहां समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। तिवारी ने बताया कि वे शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इस घोषणा के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि मुन्ना तिवारी वर्ष 2015 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर बक्सर विधानसभा से विजयी बने थे। इसके बाद उन्होंने 2020 के चुनाव में भी जीत दर्ज कर दूसरी बार विधायक बने। अब तीसरी बार वे जनता के बीच अपनी उपलब्धियों और कांग्रेस के विजन को लेकर चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं।
कांग्रेस की ओर से लगातार तीसरी बार टिकट मिलना यह दर्शाता है कि पार्टी नेतृत्व को उन पर पूरा भरोसा है। अब देखना यह होगा कि क्या मुन्ना तिवारी इस बार भी बक्सर की जनता का दिल जीत पाएंगे या मुकाबला किसी नए समीकरण की ओर रुख करेगा।



