Others

नए साल की शुरुआत सेवा से: ब्लड बक्सर ने जरूरतमंदों में बांटे कंबल, पेश की मानवता की मिसाल

बक्सर:नए वर्ष की शुरुआत मानवता और सेवा भाव के साथ करते हुए ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग – ब्लड बक्सर द्वारा जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए रात्रि करीब 11 बजे शहर की सड़कों पर निकलकर रक्तवीरों ने बेसहारा, गरीब एवं झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाई।


इस अवसर पर भाजपा नेता सुमित मानसिंहका ने ब्लड बक्सर के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था सदैव मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। चाहे रक्तदान हो या सामाजिक जरूरत, ब्लड बक्सर की सक्रियता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।


कंबल वितरण कार्यक्रम में ब्लड बक्सर के रक्तवीर प्रभात कुमार, प्रभा रंजन, कुमार गौरव, नसीम नायक, रविशंकर शर्मा, आदिल खान, सैफ अंसारी एवं प्रियेश की सक्रिय सहभागिता रही। सभी रक्तवीरों ने स्वयं उपस्थित रहकर किला मैदान सहित बक्सर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे एवं झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए, जहां ठंड का सबसे अधिक असर देखने को मिलता है।


लाभार्थियों ने ब्लड बक्सर के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में कंबल उनके लिए बड़ी राहत साबित हुए हैं। रक्तवीरों ने बताया कि यह सेवा कार्य पिछले कई दिनों से लगातार जारी है और ठंड के प्रभाव को देखते हुए आगे भी वस्त्र एवं कंबल वितरण का कार्य निरंतर किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद ठंड से पीड़ित न रहे।

इसके साथ ही ब्लड बक्सर द्वारा 13 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। रक्तवीरों ने आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की, ताकि जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सके।

ब्लड बक्सर की यह पहल न सिर्फ जरूरतमंदों को राहत पहुंचा रही है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!