Others

नगर परिषद बक्सर में पहले दिन पहुंचे तीन फरीयादी, निष्पादन को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देश

बक्सर: जिले के सरकारी कार्यालयों में सोमवार से आम जनता की समस्याओं को सुनने की प्रक्रिया की शुरुआत हो गई। पहले ही दिन लोगों में इस व्यवस्था को लेकर उत्सुकता देखने को मिली। पुराने लंबित मामलों के साथ-साथ नई समस्याओं को लेकर भी लोग अपने-अपने विभागों के कार्यालय पहुंचे।

इसी क्रम में सोमवार को नगर परिषद बक्सर कार्यालय में अधिकारी समय से पहुंचे और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार रित्विक अपने कार्यालय में लंबित कार्यों के निष्पादन के साथ-साथ स्वच्छता अधिकारी रवि कुमार सिंह के साथ नगर की जनसमस्याओं पर चर्चा करते नजर आए।

प्रभात खबर की टीम जब सुबह साढ़े दस बजे नगर परिषद कार्यालय पहुंची, तो वहां फरियादियों के बैठने, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध थीं। शुरुआती समय में कार्यालय कक्ष में शांति बनी रही।
दोपहर करीब 12:30 बजे पहले फरीयादी के रूप में वार्ड संख्या 15 की निवासी गुड़िया देवी पहुंचीं। उन्होंने नाली निर्माण के दौरान उनके घर के सामने पाइप नहीं डाले जाने की शिकायत की और घर के सामने नाला निर्माण कर उस पर स्लैब लगाने की मांग की। इस मामले में ईओ कुमार रित्विक ने स्वच्छता अधिकारी रवि कुमार सिंह को जांच कर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।

दूसरा मामला 12:40 बजे सामने आया, जिसमें वार्ड संख्या 5 की दुर्गा देवी ने घर तक सड़क निर्माण एवं नाला बनाकर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग रखी।
वहीं तीसरे फरीयादी के रूप में सफाई कर्मी दीपक कुमार ने सफाई एजेंसी द्वारा बकाया पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।

तीनों मामलों पर कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!