
बक्सर: जिले के बड़की सारीमपुर गांव की रहने वाली मुस्कान कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूरे राज्य में 8वां तथा जिले में संयुक्त तीसरा स्थान प्राप्त किया है। मुस्कान की इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मुस्कान के पिता सुनील पांडेय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद मुस्कान ने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया। बेटी की सफलता पर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू झलक उठे। गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और घर का माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया है।
मुस्कान एसएस गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा है। उसने 483 अंक (96.6 प्रतिशत) प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है। उसने बताया कि वह रोजाना विद्यालय के साथ करीब 15 घंटे पढ़ाई करती थी। उसने ऑनलाइन क्लास का सहारा लिया, लेकिन किसी भी कोचिंग संस्थान में पढ़ाई नहीं की।
मुस्कान का सपना यूपीएससी की परीक्षा पास कर आईएएस बनना है, ताकि वह देश की सेवा कर सके। उसने बताया कि उसने पढ़ाई के लिए कभी समय की पाबंदी तय नहीं की, बल्कि नियमित और निरंतर अध्ययन को प्राथमिकता दी।
मुस्कान की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां भी हौसले के आगे छोटी पड़ जाती हैं। आज वह पूरे गांव और जिले के लिए प्रेरणा बन चुकी है।




