नगर में बढ़ रहे नशे के मामलों पर रोक लगाने की मांग, समाजसेवी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन


बक्सर। नगर में नशीली दवाओं एवं इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें प्रतिबंधित दवाओं का उपयोग कर किशोर एवं युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। स्थिति चिंताजनक होते देख युवा शक्ति संगठन के संयोजक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि इतने बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री हो रही है, तो यह स्पष्ट संकेत है कि इसमें ड्रग इंस्पेक्टर एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की भी मौन सहमति हो सकती है। युवा प्रतिदिन इन दवाओं और सुईयों को खरीदकर नशे کے रूप में सेवन कर रहे हैं, जो युवाओं के भविष्य और समाज दोनों के लिए खतरा साबित होगा।
समाजसेवी प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि बक्सर प्रशासन तत्काल प्रभाव से ऐसे दवा दुकानों की पहचान कर छापेमारी करे, जो गलत तरीके से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेचने में शामिल हैं। साथ ही दोषी दुकानदारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर इस अवैध व्यापार को जड़ से समाप्त किया जाए।
टीम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा पीढ़ी को नशे की दलदल से निकालना मुश्किल हो जाएगा।



