पारिवारिक कलह में महिला ने तीन बच्चों संग खाया जहर, पांच वर्षीय मासूम की मौत


बक्सर | 1st News Bihar
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रसेन गांव में बुधवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक विवाद से मानसिक रूप से आहत 30 वर्षीय महिला रूबी देवी ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में पांच वर्षीय पुत्र अर्जुन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे और महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रसेन गांव निवासी जितेंद्र चौधरी की पत्नी रूबी देवी का ससुराल पक्ष, विशेषकर सास के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद से परेशान होकर रूबी देवी ने पहले अपने छह वर्षीय पुत्र करण कुमार, पांच वर्षीय पुत्र अर्जुन और तीन वर्षीय पुत्री राधा कुमारी को जहर खिलाया, इसके बाद स्वयं भी जहर खा लिया।
जहर का असर होते ही बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे और तड़पने लगे। परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने पांच वर्षीय अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। वहीं करण कुमार, राधा कुमारी और रूबी देवी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
घटना को लेकर रूबी देवी के मायके पक्ष ने बताया कि करीब 12 वर्ष पूर्व उसकी शादी रसेन गांव निवासी त्रिलोकी चौधरी के बड़े पुत्र राजकुमार से हुई थी। शादी के कुछ वर्षों बाद एक सड़क दुर्घटना में राजकुमार की मौत हो गई। इसके बाद पारिवारिक सहमति से रूबी देवी की शादी त्रिलोकी चौधरी के दूसरे पुत्र जितेंद्र चौधरी से करा दी गई। तभी से वह उसी परिवार के साथ रह रही थी।
जितेंद्र चौधरी रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। इसी दौरान घर में एक बार फिर पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। परिजनों के अनुसार मंगलवार को भी विवाद की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और मामला शांत कराया गया था। लेकिन बुधवार की सुबह विवाद दोबारा बढ़ गया, जिसके बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस जांच में जुटी
सदर एसडीपीओ गौरव पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।



