बक्सर में एसडीओ की कार्रवाई: सील कोल्ड स्टोरेज में अवैध स्क्रैप कारोबार, बिजली चोरी कर चल रहा था उद्योग, नर्सिंग इंस्टीट्यूट पर भी छापा


बक्सर। गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बक्सर द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी छापेमारी की गई। इस दौरान एनएच-922 के किनारे स्थित कई औद्योगिक इकाइयों एवं एक नर्सिंग इंस्टीट्यूट का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान एनएच-922 पर स्थित आशा कोल्ड स्टोरेज, जो पूर्व से ही सील एवं बंद बताया जा रहा था, उसके भीतर अवैध रूप से टीन स्क्रैप का कारोबार संचालित पाए जाने से प्रशासन भी चौंक गया। मौके पर कार्य में संलग्न कर्मियों से पूछताछ की गई तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।

इसी क्रम में एनएच-922 पर ही स्थित एक अन्य औद्योगिक इकाई, जो मनोज कुमार के नाम पर दर्ज है और लंबे समय से बंद बताई जा रही थी, वहां बैद्यनाथ टिंबर के नाम से लकड़ी का व्यवसाय संचालित होने का खुलासा हुआ। छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि उक्त इकाई में बिजली की अवैध चोरी कर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं।

इसके अलावा औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित आकाश नर्सिंग इंस्टीट्यूट की भी जांच की गई। छापेमारी के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह संस्थान अवैध एवं गैर-कानूनी तरीके से संचालित पाया गया है। प्रशासन द्वारा सभी साक्ष्यों की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त संचालकों में हड़कंप मच गया है। छापेमारी से संबंधित वीडियो फुटेज एवं स्टिल फोटो भी संलग्न किए गए हैं, जिसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



