Others

फैज एकादश बक्सर सेमीफाइनल में, गयाजी को 6 विकेट से हराया

20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता

बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे ग्रुप के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फैज एकादश बक्सर ने गयाजी की टीम को 6 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। मुकाबले का उद्घाटन सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बल्ले से गेंद हिट कर किया। अब दूसरा सेमीफाइनल शुक्रवार को मुजफ्फरपुर और फैज एकादश बक्सर के बीच खेला जाएगा।


टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गयाजी की टीम 21 ओवर में 117 रन ही बना सकी। कप्तान गौतम यादव ने सर्वाधिक 48 रन बनाए, जबकि रोहित ने 23 और प्रभाकर ने 11 रनों का योगदान दिया। बक्सर के सधे हुए गेंदबाजी आक्रमण के सामने अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। फैज एकादश की ओर से कप्तान फरह अंसारी, दीपक पांडेय और विकास पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए, वहीं अर्णव और अंकित सिंह को एक-एक सफलता मिली। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।

आसान लक्ष्य, आसान जीत
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए फैज एकादश बक्सर ने 13.4 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंकित राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। कुंदन वर्मा 24 रन नाबाद रहे, जबकि हृदय ने 17 और अर्णव किशोर ने 20 रनों का योगदान दिया। गयाजी की ओर से सुमन सौरभ, भारती, ऋषि राज और अभिनव सिंह ने एक-एक विकेट लिया।

अंकित राज बने मैन ऑफ द मैच
शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए अंकित राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें वार्ड नंबर 2 के पार्षद अजय चौधरी ने पुरस्कार प्रदान किया। बक्सर स्पोर्ट्स के प्रोप्राइटर रोहित सिंह द्वारा उन्हें स्पोर्ट्स शूज भेंट किए गए। इसके अलावा दर्शकों और हीरो होंडा की ओर से भी कई पुरस्कार दिए गए।

मैच के अंपायर राजेश कुमार यादव और संजीव तिवारी रहे। कमेंट्री विक्की जायसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने की। ऑनलाइन स्कोरिंग अमन फरीदी, ऑफलाइन स्कोरिंग नारायण और रणधीर सिंह ने की, जबकि सजीव प्रसारण सुशांत ब्लास्टर की टीम ने संभाला।

मौके पर नप चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, संजय राय, डॉ. श्रवण तिवारी, ओमजी यादव, डॉ. एस.एन. उपाध्याय, डॉ. तनवीर फरीदी, डॉ. सुहैल अहमद, पप्पू चौबे, राकेश महतो, राजेश यादव, मनीष पासवान, राम इकबाल सिंह (मंत्री जी), शेखू फरीदी, बबलू बल्ली सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!