केसठ बाजार में युवक को मारी गोली, हालत नाजुक, बाइक सवार नकाबपोश अपराधी फरार


बक्सर।स्थानीय थाना क्षेत्र के केसठ बाजार में शनिवार को अज्ञात बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए आरा ले जाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नावानगर थाना क्षेत्र के दसियांव गांव निवासी भृगुनाथ दुबे के 20 वर्षीय पुत्र मंगल दुबे उर्फ प्रिंस दुबे बाइक से केसठ बाजार जा रहे थे। इसी दौरान तिवारी टोला के पास पहले से घात लगाए चार नकाबपोश अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को तत्काल आरा ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार घटना स्थल से युवक की बाइक भी गायब है।
घटना की पुष्टि करते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष मुन्ना यादव ने बताया कि केसठ बाजार में गोली लगने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक का इलाज किस अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ घटना के कारणों की जांच कर रही है।



