बक्सर के कृतपुरा में ऐतिहासिक नेत्र चिकित्सा शिविर, अब तक 1500 मरीजों का नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन


बक्सर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कृतपुरा गांव में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए एक ऐतिहासिक एवं मानवता से ओत-प्रोत नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। 15 दिसंबर से श्री रणछोड़दासजी बापू चैरिटेबल हॉस्पिटल, राजकोट के तत्वावधान में चल रहे इस विशाल निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में अब तक करीब 1500 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है।
इस नेत्रयज्ञ का मुख्य उद्देश्य बिहार के उन जरूरतमंद लोगों तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण इलाज कराने में असमर्थ रहते हैं। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी प्रवीणभाई वसाणी ने बताया कि यह शिविर परम पूज्य श्री रणछोड़दासजी बापू श्री के दिव्य संदेश — “मरीज मेरे भगवान हैं” और “मुझे भूल जाना, पर नेत्रयज्ञ को नहीं भूलना” — को साकार करने का एक विनम्र प्रयास है।
उन्होंने बताया कि शिविर में अत्याधुनिक फेको मशीन के माध्यम से बिना टांके मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जा रहा है। प्रत्येक मरीज को उच्च गुणवत्ता का सॉफ्ट फोल्डेबल लेंस पूरी तरह नि:शुल्क लगाया जा रहा है, जिससे आंखों की रोशनी सुरक्षित तरीके से और शीघ्र लौट सके।
इस शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मरीजों के लिए जांच, ऑपरेशन और दवाइयां पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही नाश्ता, भोजन और ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। मरीज के साथ एक परिजन के रहने और खाने की भी सुविधा दी जा रही है। उपचार के बाद मरीजों को अन्न एवं वस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी जाती है, वहीं प्रत्येक मरीज की आरती उतारकर भावनात्मक सम्मान भी किया जाता है।
रजिस्ट्रेशन, जांच एवं ठहरने की व्यवस्था कृतपुरा–लक्ष्मीपुर के समीप विशाल टेंट में की गई है, जबकि ऑपरेशन कृतपुरा मंदिर परिसर में 10 अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जा रहा है। प्रत्येक मरीज को लगभग तीन दिन तक शिविर में रहना होता है।
आयोजकों का कहना है कि इस नेत्रयज्ञ के माध्यम से मोतियाबिंद से पीड़ित हजारों लोगों को नई रोशनी और नया जीवन मिलेगा। यह पहल केवल एक चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और करुणा का जीवंत उदाहरण है।
प्रेस वार्ता में राकेश राय उर्फ कल्लू राय, राघवेंद्र राय, राजेश यादव, संस्थान के धर्मेश भाई सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित



