बक्सर नाथ बाबा मंदिर से चंदन पेड़ों की चोरी, लोजपा (रामविलास) ने बताया गहरी साजिश, उच्चस्तरीय जांच की मांग


बक्सर। बक्सर स्थित श्रीनाथ बाबा मंदिर परिसर से चंदन पेड़ों की हुई चोरी को लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने गहरी साजिश का परिणाम बताया है। पार्टी ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
केन्द्रीय मंत्री एवं लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए पार्टी की युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय को बक्सर भेजा। उनके नेतृत्व में जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह सहित पार्टी के अन्य नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल श्रीनाथ बाबा मंदिर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी साहिला के नाम एक आवेदन सौंपा। आवेदन में कहा गया है कि यह चोरी कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे सफेदपोश लोगों और तस्करों की मिलीभगत से रची गई बड़ी साजिश है। इस घटना से श्रद्धालुओं की आस्था को गहरा आघात पहुंचा है।
पार्टी नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस चोरी कांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि साजिश में शामिल सफेदपोश चेहरों को बेनकाब किया जा सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।



