CrimePolitics

बक्सर पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ रंग लाया, 18वें चरण में 73 चोरी व गुम मोबाइल लौटाए गए

बक्सर पुलिस ने नए साल के फरवरी माह में आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए ऑपरेशन मुस्कान के तहत 18वें चरण में 73 चोरी, छिनतई, लूट और गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिसकर्मियों को धन्यवाद दिया।

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर एक स्पेशल टीम का गठन किया गया है, जो जिले में लगातार अभियान चला रही है।

मंगलवार को पुलिस कार्यालय परिसर में सभी मोबाइलों को सत्यापन के बाद उनके धारकों को सौंपा गया।

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि मोबाइल चोरी और छिनतई की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम जिले के सभी थानों में दर्ज मोबाइल चोरी से संबंधित मामलों की जानकारी एकत्र कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से मोबाइल की खोज करती है।

उन्होंने बताया कि 18वें चरण में अलग-अलग क्षेत्रों से 73 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनके स्वामित्व का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके असली धारकों को सौंप दिया गया। एसपी ने कहा कि आगे भी इसी तरह पूरे जिले में अभियान चलाकर मोबाइल बरामदगी की जाएगी।

मोबाइल पाकर खुश हुए धारकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया या चोरी हुआ मोबाइल वापस मिलेगा। कई लोगों ने बताया कि मोबाइल मेहनत की कमाई से खरीदा गया था, कुछ ने लोन पर फोन लिया था और किस्त भी पूरी नहीं हो पाई थी। ऐसे में मोबाइल चोरी होना बेहद दुखद था, लेकिन अब बक्सर पुलिस के इस अभियान से भरोसा जगा है।

गौरतलब है कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक कुल 1541 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!