बक्सर में चित्रगुप्त पूजा की धूम — कलम-दवात की पूजा कर भक्तों ने मांगा ज्ञान और साहस का वरदान


बक्सर। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि के अवसर पर श्री चित्रगुप्त परिवार मंच, बक्सर के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को पुराना सदर अस्पताल रोड स्थित भगवान चित्रगुप्त के प्राचीन मंदिर में गाजे-बाजे और भक्ति उमंग के साथ भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पंडित रामप्रकाश ओझा ने मंच के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त महाराज को कलम-दवात, फल, मेवा एवं मिठाई का भोग अर्पित किया और मनोवांछित फल की कामना की। इसके बाद महा प्रसाद का वितरण किया गया।
मंच के कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण वर्मा ने इस अवसर पर बक्सरवासियों को गोवर्धन पूजा, भैया दूज एवं चित्रगुप्त पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं, मीडिया प्रभारी साकेत कुमार श्रीवास्तव (चंदन कुमार) ने कहा कि “भगवान चित्रगुप्त जी की पूजा से साहस, शौर्य, बल और ज्ञान की प्राप्ति होती है।”
उन्होंने बताया कि इस दिन चित्रांश परिवार के लोग कलम-दवात और बही-खाते की पूजा कर वर्षभर के आय-व्यय का लेखा-जोखा भगवान को समर्पित करते हैं।
शाम 6 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस मौके पर मंच के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन — मनोज कुमार श्रीवास्तव, मनीष सिन्हा, शिव कृपाल दास, मनन श्रीवास्तव, निशांत श्रीवास्तव, उमेश सिन्हा, गुड्डू लाल, सूडडू श्रीवास्तव, जितेन्द्र कुमार सिन्हा, संकेत श्रीवास्तव, मुन्ना ओझा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।



