Crime

ज्वेलरी दुकान से 20 लाख की बड़ी चोरी, चार किलो चांदी व 100 ग्राम सोना ले उड़े चोर

बक्सर।धनसोई स्थानीय बाजार में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने छत के रास्ते दुकान में प्रवेश कर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।


मिली जानकारी के अनुसार, चोर पहले छत के सहारे ऊपर चढ़े और फिर सीढ़ी वाले दरवाजे में सेंध लगाकर हैंडल खोल दिया। इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर रखी सेफ को तोड़कर चार किलो चांदी के जेवर और लगभग 100 ग्राम सोने के गहने चुरा लिए। चोर जाते समय दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

यह चोरी मां मुंडेश्वरी ज्वेलर्स के मालिक बिट्टू सेठ की दुकान में हुई है। घटना की जानकारी सोमवार की सुबह करीब आठ बजे उस समय हुई जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे। आगे का शटर उठाते ही उन्होंने देखा कि दुकान की अलमारी खुली और पूरी तरह खाली है तथा अंदर का शटर टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद जांच के लिए एफएसएल (Forensic Science Laboratory) की टीम को बुलाया गया, जिसने दुकान से हैंड प्रिंट और फुट प्रिंट एकत्र किए।

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों ने घटना से पहले इलाके की अच्छी तरह से रेकी की थी, जिसके बाद पूरी योजना के तहत चोरी को अंजाम दिया गया।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!