बक्सर में सांसद सुधाकर सिंह ने राहत एवं पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बक्सर: समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार को स्थानीय सांसद Sudhakar Singh की अध्यक्षता में राहत एवं पुनर्वास (आर एंड आर) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को अमल में लाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आर एंड आर से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई, जिनमें मॉडल स्कूल का निर्माण, नगर भवन का जीर्णोद्धार, नगर भवन चौसा का निर्माण, चौसा प्रखंड में शवदाह गृह की स्थापना, शव वाहन की खरीद, हाई मास्ट लाइट लगाने तथा सामुदायिक भवन-सह-विवाह भवन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। सांसद ने इन योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान चौसा पावर प्लांट से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों के बीच आरजी वितरण के मामले पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समीक्षा के बाद सांसद ने आरजी वितरण में तेजी लाने और आर एंड आर के तहत प्रस्तावित योजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
साथ ही प्रभावित क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और प्रदूषण की रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही भी सौंपी गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी साहिला, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विनित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।




