Others

डुमरांव के आवासीय स्कूल से दो छात्र लापता

बक्सर: डुमरांव में दो छात्रों के अचानक लापता हो जाने से उनके परिजनों में चिंता और भय का माहौल व्याप्त हो गया है। बच्चों के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द उन्हें खोजने की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार चक्की मथुरा डेरा निवासी वशिष्ठ कुमार यादव (पिता भोरिक यादव) ने डुमरांव थाने में आवेदन देकर बताया कि उनका 11 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार डुमरांव स्थित एक आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई करता है। बुधवार की शाम वे अपने पुत्र को विद्यालय में छोड़कर घर लौट आए थे।
गुरुवार की सुबह विद्यालय प्रशासन की ओर से फोन कर जानकारी दी गई कि उनका बेटा विवेक कुमार अपने एक मित्र के साथ विद्यालय से लापता हो गया है। यह सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि विवेक के साथ उसका मित्र रोशन कुमार (करीब 15 वर्ष), निवासी नदाव भी गायब है। दोनों छात्रों के अचानक लापता होने की जानकारी विद्यालय के प्राचार्य सर्वजीत कुमार ने फोन कर उनके परिजनों को दी।
सूचना मिलने के बाद दोनों परिवारों के सदस्य डुमरांव थाने पहुंचे और लिखित आवेदन देकर बच्चों की जल्द तलाश करने की मांग की।
परिजनों का कहना है कि दोनों बच्चों का इस तरह अचानक गायब हो जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आशंका जताई है कि कहीं उनके साथ कोई अनहोनी न हो गई हो।
इस मामले में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि दो छात्रों के लापता होने की सूचना मिली है। परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बच्चों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!