BlogOthers

डुमरांव विधायक राहुल सिंह के नेतृत्व में बक्सर में जदयू का शक्ति प्रदर्शन, ‘नीतीश संवाद’ में उमड़ी हजारों की भीड़

बक्सर । बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बक्सर में जनता दल यूनाइटेड का अब तक का सबसे बड़ा और चर्चित राजनीतिक आयोजन शनिवार को देखने को मिला। फरक्का जल संधि के पुनर्विचार और बिहार के हितों को लेकर आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता के पीछे डुमरांव विधायक राहुल सिंह की नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक पकड़ और बेहतर समन्वय की जमकर चर्चा हो रही है। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि राहुल सिंह न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र, बल्कि पूरे जिले में संगठन को एकजुट कर बड़े आयोजन को सफल बनाने की क्षमता रखते हैं।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के बक्सर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था। बगीचा उत्सव लॉन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के लिए 5 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने के साथ ही जुटी भीड़ के आगे यह व्यवस्था भी छोटी पड़ गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने ‘नीतीश संवाद’ को जिले के बड़े राजनीतिक आयोजनों में शामिल कर दिया।

कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय तक डुमरांव विधायक राहुल सिंह की सक्रिय भूमिका चर्चा का विषय रही। जिले के विभिन्न प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखा। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और पूरे आयोजन के संचालन में उनकी नेतृत्व क्षमता साफ दिखाई दी।

राजनीतिक गलियारों में भी इस बात की चर्चा रही कि चुनाव जीतने के बाद बक्सर में जदयू ने पहली बार इतने बड़े स्तर पर कोई कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के शीर्ष नेता शामिल हुए। ऐसे में ‘नीतीश संवाद’ का सफल आयोजन जदयू के लिए संगठनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी कार्यक्रम की सफलता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान डुमरांव विधायक राहुल सिंह की सक्रियता और बेहतर कोऑर्डिनेशन की प्रशंसा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच होती रही।

राहुल सिंह के नेतृत्व में हुए इस आयोजन को कई मायनों में शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। बक्सर पहुंचने से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पार्टी नेताओं के स्वागत, कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी और मुख्य कार्यक्रम की सफलता ने जदयू के संगठनात्मक आधार को मजबूत संदेश दिया।

‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम के दौरान फरक्का जल संधि के पुनर्विचार, गंगा में बढ़ती गाद, बाढ़, सिंचाई और बिहार के जल अधिकार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बिहार के गंगा किनारे बसे 12 जिलों में जनता से संवाद कर लोगों को इस मुद्दे से जोड़ने की बात कही।

कुल मिलाकर, बक्सर में ‘नीतीश संवाद’ का सफल आगाज डुमरांव विधायक राहुल सिंह के लिए भी एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। शानदार आयोजन, भारी भीड़ और नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय ने न सिर्फ उनकी नेतृत्व क्षमता को मजबूती से सामने रखा, बल्कि जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक इस कार्यक्रम और राहुल सिंह की भूमिका की चर्चा तेज कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!