Crime

बैंक खाते से ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, 80 हजार रुपये बरामद

फर्जी लिंक के जरिए की गई थी 1.45 लाख रुपये की निकासी

बक्सर | 1st News Bihar
बक्सर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जालसाजी कर बैंक खाते से मोटी रकम की निकासी करने वाले एक साइबर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर थाना क्षेत्र निवासी श्रव रविंद्र नाथ करनाकर के पुत्र असीम करनाकर के रूप में हुई है।
पुलिस कप्तान शुभम आर्य के निर्देश पर यह कार्रवाई डीएसपी अविनाश कश्यप के नेतृत्व में साइबर थाना की विशेष टीम द्वारा की गई। इस संबंध में जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत फफदर गांव निवासी सूर्च कुमार ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

पीड़ित ने बताया कि इलाज के लिए अस्पताल का नंबर खोजने के दौरान उन्होंने गूगल पर सर्च कर एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। इसी दौरान अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर उन्हें एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही एक एप इंस्टॉल हो गया। इसके तुरंत बाद उनके बैंक खाते से पहले 1 रुपये की कटौती हुई और फिर अलग-अलग दिनों में कुल 1 लाख 45 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।

तकनीकी जांच में पकड़ाया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस ने एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया, जिसके खाते में ठगी की राशि में से 80 हजार रुपये पाए गए। पुलिस ने राशि को जब्त करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील

साइबर थाना के थानाध्यक्ष सह डीएसपी अविनाश कश्यप ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध कॉल से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!