रोमांचक टाइब्रेकर में गाजीपुर ने जीता शेरशाह सूरी फुटबॉल खिताब, बक्सर को 4-2 से हराया


बक्सर। चौसा खेल मैदान पर शेरशाह सूरी जनकल्याण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक और यादगार बन गया। खचाखच भरे मैदान में खेले गए खिताबी मुकाबले में बक्सर और गाजीपुर की टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद टाइब्रेकर में गाजीपुर ने बक्सर को 4-2 से पराजित कर शेरशाह सूरी शील्ड पर कब्जा जमा लिया।
मैच की शुरुआत से ही बक्सर की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। पहले हाफ में बेहतरीन तालमेल, तेज पासिंग और सटीक रणनीति के दम पर बक्सर ने गाजीपुर के गोलपोस्ट में गोल दागकर बढ़त बना ली। गोल के बाद गाजीपुर की टीम ने बराबरी के लिए लगातार दबाव बनाया, लेकिन बक्सर की मजबूत रक्षा पंक्ति ने कई शानदार बचाव करते हुए गाजीपुर के हमलों को विफल कर दिया।
दूसरे हाफ में गाजीपुर की टीम बदले हुए तेवर के साथ मैदान पर उतरी। लगातार आक्रमण करते हुए गाजीपुर ने मुकाबले के अंतिम क्षणों में शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मैच का निर्णय टाइब्रेकर से हुआ, जहां गाजीपुर के खिलाड़ियों ने बेहतर संयम, आत्मविश्वास और सटीक निशानेबाजी का परिचय देते हुए 4-2 से जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि मास्टर सैयद कमाल, समाजसेवी फैजुल्ला अंसारी, डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. रामबचन यादव एवं थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक विकास को बढ़ावा मिलता है। फाइनल मुकाबले का सफल संचालन रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में प्रो. रमेशचंद श्रीवास्तव, इंजीनियर नितेश उपाध्याय, अधिवक्ता रामलखन पाल, डॉ. सुनील सिंह यादव, रामशीष सिंह, पंकज सिंह, समसुद्दीन, रिजवान खान, रामजीत गोंड़ सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों का सराहनीय योगदान रहा।



