हेरिटेज स्कूल बक्सर में 10वीं-12वीं के छात्रों का सम्मान समारोह, बोर्ड परीक्षा से पहले दी गई शुभकामनाएं


बक्सर। हेरिटेज स्कूल, बक्सर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के आगामी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने से पूर्व शुभकामना सह सम्मान समारोह का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करना था।

समारोह की शुरुआत कक्षा नवम के विद्यार्थियों द्वारा अपने वरिष्ठ साथियों के तिलक एवं पुष्पवर्षा से स्वागत के साथ हुई। इस भावपूर्ण क्षण ने पूरे वातावरण को उत्साह और अपनत्व से भर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम पाठक, प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी एवं निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।
विद्यालय प्रबंधन एवं सभी शिक्षकों ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हों। कार्यक्रम के दौरान कक्षा नवम के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठों को उपहार भेंट कर सम्मान और स्नेह प्रकट किया।

भावुक माहौल में कई विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि विद्यालय का अनुशासन, मार्गदर्शन और शिक्षकों का सहयोग उनके जीवन की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता रहा है।
समारोह का समापन वरीय शिक्षक पुष्पेंदु मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया। कार्यक्रम में मनीष कुमार पांडे, राकेश रंजन, विमलाकर मिश्रा, सुशील शर्मा, अंकुर पांडे, राजा बाबू, विवेक कुमार, प्रवल कुमार, अजय कुमार सिंह, अल्का सिन्हा समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।



