30 लाख से अधिक की ड्रग्स के साथ असम में पकड़ा गया बक्सर का वार्ड पार्षद प्रतिनिधि


बक्सर | मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। असम के मोरियानी रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान विवेक एक्सप्रेस (डाउन) से 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य की ड्रग्स बरामद की गई है। इस मामले में बिहार के बक्सर जिले के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी राजू कुमार राम के रूप में हुई है। वह वर्तमान में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बताया जा रहा है। आरोपी के पिता का नाम स्व. रामनाथ राम है।

असम पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान ट्रेन से संदिग्ध सामान बरामद किया गया, जिसकी जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप होजाई से तिनसुकिया ले जाई जा रही थी, जहां से इसे ऊपरी असम में सप्लाई किए जाने की योजना थी। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि राजू कुमार राम लंबे समय से ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ रहा है। आरोप है कि बीते दो वर्षों में उसने अवैध कारोबार के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की है। फिलहाल असम पुलिस सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं और पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई हैं।



