BlogOthers

छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने नाव से किया प्रमुख घाटों का निरीक्षण

बक्सर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बुधवार को बक्सर नगर क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का गंगा नदी में नाव के माध्यम से संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न घाटों पर चल रही तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी छठ घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर पानी में बैरिकेडिंग, अधिक गहराई वाले स्थानों पर लाल झंडे लगाने, पर्याप्त रोशनी और माइकिंग की व्यवस्था करने को कहा। विशेष रूप से घाटों के किनारे ऐसी प्रकाश व्यवस्था करने पर जोर दिया गया, जिससे पानी के अंदर भी पर्याप्त रोशनी रहे और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों ने घाटों पर चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय एवं यूरिनल की व्यवस्था करने, जरूरत के अनुसार रास्तों की मरम्मत कराने, ड्रॉप गेट लगाने तथा अधिक भीड़भाड़ वाले घाटों पर वाच टावर बनवाने का निर्देश दिया। इसके अलावा नगर क्षेत्र के छठ घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगे हाईमास्ट लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने को भी कहा गया।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी घाटों की निगरानी

छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ड्रोन कैमरों से निगरानी करने तथा अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया गया।

वहीं, सिविल सर्जन को छठ घाटों पर चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने तथा बोट क्लिनिक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को छठ पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक प्रशासनिक इंतजाम करने को कहा गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!