BlogOthers

सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं होने के मामले में बक्सर नप के ईओ कुमार ऋत्विक निलंबित

किला मैदान में हेलीकॉप्टर नहीं उतरने के मामले में हुई कार्रवाई, विभागीय कार्यवाही की भी तैयारी

बक्सर. मुख्यमंत्री के बक्सर दौरे के दौरान किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो पाने के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में उन पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का आरोप लगाया गया है.

जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन के दौरान किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो सकी थी. घटना के बाद अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में गठित जांच टीम ने पूरे मामले की जांच की. जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला पदाधिकारी, बक्सर ने नगर विकास एवं आवास विभाग को अपनी रिपोर्ट भेजी थी.

विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के पाए गए हैं तथा उनका आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों के प्रतिकूल है. इसके आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत कुमार ऋत्विक को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है.

निलंबन अवधि के दौरान कुमार ऋत्विक का मुख्यालय नगर आयुक्त, नगर निगम मुजफ्फरपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके विरुद्ध आरोप पत्र एवं विभागीय कार्यवाही से संबंधित अलग संकल्प शीघ्र जारी किया जाएगा.

वहीं, नगर परिषद बक्सर में नए कार्यपालक पदाधिकारी की पदस्थापना की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!