
बक्सर: शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग को गुरुवार की सुबह बड़ी सफलता मिली। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान एक पिकअप वैन से गुप्त तहखाने (सीक्रेट चैंबर) में छिपाकर ले जाई जा रही 589.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई मध्य निषेध प्रभारी पदाधिकारी सह निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। मौके से हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त तहखाने का खुलासा हुआ, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद शराब में कुल 3,075 पीस शामिल हैं, जिसकी मात्रा 589.500 लीटर तथा अनुमानित बाजार मूल्य 7,07,400 रुपये आंका गया है।

पूछताछ में पता चला कि शराब की खेप हरियाणा से पटना ले जाई जा रही थी। इस मामले में गिरफ्तार तस्कर की पहचान दिलराज कुमार (35 वर्ष), पिता–रामनिवास, निवासी हरियाणा के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग ने शराब, पिकअप वैन और अन्य सामान को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




