
बक्सर. देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस 2026 के परिणाम में कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है. परीक्षा में विद्यालय के छह छात्रों का चयन आईआईटी के बी.टेक. पाठ्यक्रम के लिए हुआ है, जिससे पूरे विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है.
विद्यालय के सफल छात्रों में आशीष कुमार सिंह ने ऑल इंडिया रैंक 3320, आर्यन कुमार सिंह ने 4995, आदर्श उपाध्याय ने 5011, रियार्थ रचित ने 5040, अंश कुमार त्रिपाठी ने 5873 तथा चंद्र प्रकाश राय ने 21975 रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है.

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि जेईई मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद जेईई एडवांस जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना छात्रों की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है. देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित इस परीक्षा में सफलता हासिल करना किसी भी विद्यार्थी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है.
विद्यालय के निदेशक डा. मोहन चौबे ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतिफल है. उन्होंने कहा कि इन छात्रों ने वर्षों की मेहनत, त्याग और कभी हार न मानने वाले जज्बे के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. इनकी सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि उनके अभिभावक और शिक्षक भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहा है.
इस अवसर पर विद्यालय के एग्जीक्यूटिव प्राचार्य बी.एस. राव, प्राचार्य एम.के. चौबे, उपप्राचार्य कृष्ण कांत ओझा, धर्मवीर दुबे सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.




