
बक्सर. चीनी मिल स्थित साबित खिदमत फाउंडेशन एंड हॉस्पिटल में शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को आग लगने की स्थिति में बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई.
फायर सेफ्टी विशेषज्ञों ने अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया. उन्होंने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और सावधानी से काम लेना चाहिए. साथ ही आग पर प्रारंभिक नियंत्रण और सुरक्षित निकासी के तरीकों की भी जानकारी दी गई.
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मॉक ड्रिल के दौरान
कई लोगों को अग्नि सुरक्षा के नियमों और आपातकालीन प्रबंधन के बारे में जागरूक किया गया. प्रबंधन ने बताया कि लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे.

इस अवसर पर मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के बिहार प्रदेश सचिव डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि आग से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए प्रत्येक नागरिक को फायर सेफ्टी के नियमों की जानकारी होना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता के ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए.
मौके पर शहनवाज मीना, रानू प्रसाद, आस्था, अंजलि, सूरजी, बृजेश जायसवाल, हसीना, शहनवाज, सोनम, नासिर, राहुल सहित अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी, मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.




