BlogOthers

बक्सर: इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग तेज, रेल रोकने पहुंचे आंदोलनकारी, आरपीएफ ने संभाला मोर्चा

बक्सर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को खोलने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रेलवे ट्रैक पर बैठकर रेल चक्का जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने उन्हें ट्रैक पर जाने से रोक दिया। इस दौरान हल्की नोकझोंक हुई, हालांकि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ।

धरना की अध्यक्षता जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन राम इकबाल ठाकुर ने किया।

रेल चक्का जाम का प्रयास विफल होने के बाद आंदोलनकारियों ने पूर्व मध्य रेल, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), जिला पदाधिकारी बक्सर, स्टेशन प्रबंधक बक्सर, रेल थाना बक्सर तथा अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को अविलंब खोलने की मांग करते हुए आम लोगों को हो रही परेशानियों का उल्लेख किया गया। अधिकारियों द्वारा मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद शनिवार का धरना समाप्त कर दिया गया।

धरना को संबोधित करते हुए सरोज राजभर ने कहा कि यदि जल्द ही गुमटी नहीं खोली गई तो 11 दिन बाद दोबारा रेल चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगला आंदोलन पहले से अधिक उग्र होगा और उसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। साथ ही प्रशासन से जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!