CrimeOthers

बक्सर में लूटकांड का खुलासा: चार शातिर अपराधी गिरफ्तार, लूटा गया कैमरा-मोबाइल बरामद

बक्सर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के कवलपोखर गांव के पास हथियार के बल पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया वीडियोकैमरा, मोबाइल, मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल बरामद की गई है।

गिरफ्तार अपराधियों में धनसोई थाना क्षेत्र के सुजायतपुर निवासी मनीष ठाकुर उर्फ अंशु ठाकुर, जगमनपुर निवासी प्रेमचंद पाठक तथा दो विधि विरुद्ध नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मनीष ठाकुर और प्रेमचंद पाठक के खिलाफ धनसोई थाना में पहले से भी संगीन मामले दर्ज हैं।

मंगलवार को इटाढ़ी थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 24 अप्रैल की रात सरेंजा-कोरानसराय सड़क पर कवलपोखर के पास यह लूटकांड हुआ था। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित छपरा टोला निवासी पंकज कुमार ने आवेदन देकर बताया था कि शादी समारोह में फोटोग्राफी कर लौटने के दौरान अपराधियों ने हथियार के बल पर उनका वीडियोकैमरा, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि इटाढ़ी थाना कांड संख्या 79/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय आसूचना के आधार पर सबसे पहले मनीष ठाकुर उर्फ अंशु ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीन और आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व देसी पिस्टल बरामद कर लिया है।

छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में सदर अंचल पुलिस निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, जिला आसूचना प्रभारी सुधीर कुमार, इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान, धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार, दीपक कुमार झा एवं डीआईयू टीम के सदस्य शामिल रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!