बक्सर NH-922 हादसा: दो दिन बाद भी गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान अज्ञात

बक्सर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर के पास बक्सर–आरा राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर दो दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मिली अधेड़ उम्र की महिला अब तक पहचानी नहीं जा सकी है। पुलिस की लगातार कोशिशों के बावजूद उसकी पहचान को लेकर कोई सुराग हाथ नहीं लगा है, जिससे मामले ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने महिला को बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। वह बयान देने में असमर्थ है, जिसके कारण उसके घर-परिवार का पता लगाना और भी कठिन हो गया है।
औद्योगिक थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि महिला की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं—स्थानीय लोगों से पूछताछ, आसपास के थाने को सूचना, सोशल मीडिया पर फोटो प्रसारित करने जैसे सभी तरीके अपनाए जा रहे हैं। लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
गौरतलब है कि सोमवार को महिला सड़क पार कर रही थी, तभी आरा दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई थी। वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति घायल महिला को पहचानता हो या उसके बारे में कोई जानकारी रखता हो, तो तुरंत औद्योगिक थाना से संपर्क करे ताकि उसके परिजनों तक जानकारी पहुंचाई जा सके।
—



