BlogOthers

राष्ट्रीय बाल रोग सम्मेलन में बक्सर के डॉ. डी.एन. सिंह सम्मानित

बिहार पेडिकॉन-2026 में देशभर के विशेषज्ञों के बीच साझा किए अनुभव

बक्सर। जिले के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ एवं शिव रामा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. डी.एन. सिंह को राष्ट्रीय स्तर के बाल रोग सम्मेलन में सम्मानित किया गया। राजधानी पटना स्थित होटल मौर्या में आयोजित 34वें बिहार पेडिकॉन-2026 (Bihar Pedicon-2026) में उन्होंने बाल स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा किए।

भारतीय बाल रोग अकादमी (IAP) की बिहार राज्य शाखा द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए बाल रोग विशेषज्ञों, चिकित्सा शिक्षकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) इन पीडियाट्रिक्स, जेनेटिक्स एवं मैकेनिकल वेंटिलेशन जैसे समसामयिक विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

बताया जाता है कि बक्सर जिले से इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में शामिल होने वाले डॉ. डी.एन. सिंह एकमात्र चिकित्सक थे। सम्मेलन में उनकी सक्रिय सहभागिता और शैक्षणिक योगदान को देखते हुए आयोजकों ने उन्हें मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

सम्मेलन में भागीदारी के लिए भारतीय बाल रोग अकादमी, बिहार शाखा की ओर से उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया। वहीं बिहार काउंसिल ऑफ मेडिकल रजिस्ट्रेशन द्वारा कार्यशाला में शामिल चिकित्सकों को चार क्रेडिट आवर्स दिए गए।

इस अवसर पर डॉ. डी.एन. सिंह ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक सम्मेलन चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीक और उपचार पद्धतियों की जानकारी प्रदान करते हैं। इससे मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और शोध आधारित उपचार पद्धतियों का लाभ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचाना जरूरी है।

डॉ. डी.एन. सिंह को मिले इस सम्मान पर जिले के चिकित्सा जगत में खुशी का माहौल है। उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और मरीजों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!