Crime

50 हजार का इनामी फरार आरोपी धुरान यादव छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार, ढाई साल से दे रहा था पुलिस को चकमा

बक्सर। जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी फरार अपराधी धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी को छत्तीसगढ़ से दबोच लिया। वह करीब पौने तीन वर्षों से लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।

इसकी जानकारी देते हुए डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार ने बताया कि घटना 7 जून 2023 की है। तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र अंतर्गत तवकल राय के डेरा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हुई थी। इस दौरान प्रदीप कुमार सिंह और उनके बड़े भाई रामबचन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के क्रम में रामबचन यादव की मौत हो गई थी।

घटना के बाद तिलक राय के हाता थाना में कांड संख्या-187/23 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इस प्रकरण में दो आरोपी रामजी यादव और रामअवतार यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि धुरान यादव फरार चल रहा था।

पुलिस की डीआईयू टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। सटीक सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में डुमरांव एसडीपीओ के नेतृत्व में डीआईयू के पुनि सुधीर कुमार, पुअनि मंगलेश कुमार मधुकर, चंदन कुमार, सअनि राजू कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!