
बक्सर.महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय बक्सर के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पूर्व निर्धारित क्विज प्रतियोगिता सोमवार को महाविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई.
इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता तथा प्रतियोगी भावना को विकसित करना था.
कार्यक्रम के दौरान वीक्षक के रूप में डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. जयप्रकाश मिश्रा, डॉ. प्रीति मौर्या, डॉ. प्रियरंजन चौबे, डॉ. इशरार आलम तथा डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कृष्णा कान्त सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी महाविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में बढ़ते कदम का परिचायक है.
वहीं कार्यक्रम के आयोजक स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विरेन्द्र कुमार ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता छात्रों के ज्ञान को परखने और उसे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है. इससे विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि भी बढ़ती है.
कार्यक्रम की सफलता में सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन शंकर पाठक की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही.




