
बक्सर। ने जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया है। रविवार को पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित कोर कमिटी की बैठक में पंचायत और प्रखंड स्तर पर संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक के दौरान “बिहारी झुकेगा नहीं, अपने अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करेगा” का नारा भी गूंजता रहा।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री रघुबर सिंह ने किया। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और समर्पित कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
विमर्श के दौरान नेताओं ने माना कि पिछली कमियों से सीख लेते हुए अब संगठन को जन सरोकारों से जोड़ना होगा। इसके लिए बूथ, पंचायत और प्रखंड कमिटियों को सक्रिय करने का रोडमैप तैयार किया गया।

जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहारियों के मान-सम्मान और आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं का पलायन आज सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। जब तक युवाओं को अपने राज्य में सम्मानजनक रोजगार और बेहतर भविष्य नहीं मिलेगा, तब तक जन सुराज का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा, “बिहारी झुकेगा नहीं, अपने अधिकार के लिए लड़ेगा।”
बैठक में पूर्व विधायक एवं राज्य सलाहकार समिति सदस्य श्रीकांत पाठक ने गांव-गांव तक जन सुराज की नीतियों को पहुंचाने पर बल दिया। वहीं, कोषाध्यक्ष विजय कुमार पाठक ने संगठन की आर्थिक मजबूती को आवश्यक बताया।
इस दौरान लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक, जिला मुख्य प्रवक्ता शुभ नाथ यादव, रीना शर्मा, अजित सम्राट, जयशंकर सिंह, डॉ. विष्णु देव तिवारी तथा राज्य सलाहकार समिति सदस्य हसन खान सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




