BlogOthers

बक्सर इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

बक्सर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी (रेलवे क्रॉसिंग) को तत्काल खोलने की मांग को लेकर दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। धरना का नेतृत्व मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने किया। धरना पर बैठे लोगों ने रेलवे गुमटी बंद रहने से आम लोगों को हो रही परेशानियों का हवाला देते हुए इसे तत्काल चालू करने की मांग की।

सरोज राजभर ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी बंद होने से ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं, किसानों और आम राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान समय में स्कूल-कॉलेज खुल चुके हैं और खेती-किसानी का कार्य भी जोरों पर है। ऐसे में लोगों को मजबूरी में पांडेयपट्टी मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे लोगों को करीब 6 से 7 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, वहीं पांडेयपट्टी रोड पर जाम की स्थिति भी बनी रहती है।

धरना में वक्ताओं ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी के समीप करीब 26.40 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कराया गया था। लेकिन उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया और लोगों की परेशानी बढ़ गई। वक्ताओं ने कहा कि जब तक आरओबी का निर्माण पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे गुमटी को आम लोगों के लिए खोला जाना चाहिए।

धरना पर बैठे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो रेल चक्का जाम सहित बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।

धरना में गुड्डू शर्मा, मुन्ना ओझा, शिवशंकर राय, लाल बिहारी पाल, सुनीता देवी, लाल बाबू माली, ठाकुर प्रसाद, अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!