
बक्सर. श्रद्धा आश्रम इंग्लिश स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण किया.
कार्यक्रम में संस्था के निदेशक रवि रंजन चौबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उनके साथ शिक्षक राजेश कुमार, सोनू कुमार पांडेय, पूजा कुमारी, आकांक्षा कुमारी, खुशबू कुमारी, निशा कुमारी, प्रियंशु कुमार एवं डब्लू कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे. दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं भाषण के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की. बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा.

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.




