
बक्सर. रोटरी क्लब बक्सर के तत्वावधान में रोटरी भवन के सभागार में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. समारोह का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था.
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के बीच ‘मोबाइल के गिरफ्त में बच्चे- अभिभावकों के लिए बड़ी चुनौती’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गयी. प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रथम, बक्सर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने द्वितीय तथा सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई. समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के दो शिक्षकों को सम्मानित किया गया. जवाहर मध्य विद्यालय, बक्सर के सेवानिवृत्त शिक्षक हरिदर्शन वर्मा एवं मध्य विद्यालय सोंधिला के प्रधानाध्यापक राजेंद्र उपाध्याय को शॉल, डायरी, पेन, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं, प्रतियोगिता में शामिल विद्यालयों के शिक्षकों को भी अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया.

शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण की रखते हैं नींव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं. एक आदर्श समाज की परिकल्पना शिक्षकों के बिना अधूरी है. रोटरी क्लब बक्सर सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहा है और शिक्षकों को सम्मानित करना क्लब के लिए गौरव का विषय है.
सम्मानित शिक्षकों ने रोटरी क्लब के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने शिक्षण अनुभव भी साझा किये. वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रोटेरियन प्रदीप कुमार जायसवाल, रो मीना सिंह एवं रो डोमेनिक अमलान शामिल रहे.
समारोह में रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, सचिव मनोज कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष सागर वर्मा, प्रोजेक्ट चेयरमैन मंजेश केसरी, प्रोजेक्ट को-चेयरमैन मनीष पांडेय, रो सत्येंद्र सिंह, रो ज्योति जोशी, रो सौरभ तिवारी, एसएम साहिल, आशीष गुप्ता, सुनील कुमार, राहुल राघवन, अनिल केसरी, रोट्रेक्ट प्रेसिडेंट सागर वर्मा, सोनू वर्मा सहित प्रतिभागी विद्यालयों के विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्लब के सदस्य उपस्थित थे.




