
बक्सर. शहर के एनएच-922 स्थित जन सुराज पार्टी कार्यालय में रविवार को महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि संचालन डॉ. जयशंकर सिंह ने किया. बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी.
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव हेमंत चौबे मौजूद रहे. वहीं शाहाबाद प्रभारी रविंद्र द्विवेदी एवं संगठन प्रभारी आनंद सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन दिया. इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने को लेकर उत्साह भरने का प्रयास किया गया.
प्रदेश महासचिव हेमंत चौबे ने कहा कि प्रखंड से लेकर पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है. प्रशांत किशोर के नेतृत्व में सघन जनसंपर्क एवं क्षेत्र भ्रमण की कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिसे जल्द ही धरातल पर उतारा जायेगा. उन्होंने कहा कि बांकीपुर चुनाव में जीत के बाद पूरे बिहार में प्रशांत किशोर के प्रति लोगों की उम्मीद बढ़ी है.

प्रशांत किशोर के बक्सर दौरे को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी
जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि प्रशांत किशोर के आगामी बक्सर दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर बैठक में व्यापक चर्चा की गयी. साथ ही आगामी 2 अक्टूबर को पार्टी के स्थापना दिवस को जिला स्तर पर भव्य रूप से मनाने की रूपरेखा भी तय की गयी.
शाहाबाद प्रभारी रविंद्र द्विवेदी ने कहा कि प्रशांत किशोर के विचारों को अपनाने वाले लोगों एवं पार्टी पदाधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करते हुए आपसी समन्वय बढ़ाना जरूरी है. उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
संगठन प्रभारी आनंद सिंह ने कहा कि बक्सर में बदलाव की नई इबारत लिखने और जन सुराज के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए यह बैठक महत्वपूर्ण है. संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी.
पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक एवं अभिषेक पांडेय ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी पंचायत स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में व्यापक अभियान चलायेगी. बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार को लेकर अपनी-अपनी रणनीति एवं सुझाव भी साझा किये.
बैठक के अंत में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेने का आह्वान किया.
बैठक में अरविंद पांडे, दिवाकर पाठक, धनजी पांडे, अजीत सम्राट, फैयाज खान, आशा देवी, जोगिंदर यादव, विष्णु देव तिवारी, धनंजय पासवान, संजय सिंह, रिंकी उपाध्याय, राधिका देवी, हसन खान, धनजी उपाध्याय, प्रकाश शर्मा, विजय आनंद वर्मा, धाकड़ पांडे, अरुण मिश्रा, दीपक सिंह, मणिशंकर पांडे, आनंद सिंह, शिवनंदन ठाकुर, नजीर खान, विशेश्वर दुबे, सरोज कुमार माली एवं कामेश्वर ओझा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.




