BlogOthers

शिक्षण मॉडल प्रदर्शनी में प्रशिक्षुओं की सृजनात्मकता ने बटोरी सराहना

बक्सर जी. डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज, बक्सर में डी.एल.एड. एवं बी.एड. द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं द्वारा सहायक शिक्षण सामग्री (टीएलएम) एवं शिक्षण मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. इसमें प्रशिक्षुओं ने उत्साह, लगन और रचनात्मकता के साथ विभिन्न विषयों से संबंधित आकर्षक शिक्षण सामग्री एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए.

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं में नवाचार, सृजनात्मकता, व्यावहारिक शिक्षण कौशल तथा प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के प्रति रुचि विकसित करना था. प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार किए गए मॉडलों ने यह प्रदर्शित किया कि किस प्रकार सरल एवं स्थानीय संसाधनों के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को रोचक, प्रभावशाली और विद्यार्थियों के लिए सहज बनाया जा सकता है.

प्रदर्शनी का अवलोकन संस्थान के निदेशक प्रदीप मिश्र, प्रख्यात शिक्षाविद् अनादि किशोर प्रणामी, मनोज त्रिगुण एवं संस्थान के प्राचार्य डॉ. जे. आर. चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया. अतिथियों ने प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार की गई शिक्षण सामग्री एवं मॉडलों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को भावी शिक्षक के रूप में व्यावसायिक दक्षता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया.

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग विद्यार्थियों की जिज्ञासा, समझ और सक्रिय सहभागिता बढ़ाने में सहायक होता है. इस तरह की प्रदर्शनियां प्रशिक्षुओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करती हैं. इससे उनमें कुशल, नवाचारी एवं संवेदनशील शिक्षक बनने की क्षमता विकसित होती है.

कार्यक्रम में डी.एल.एड. एवं बी.एड. द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं की सक्रिय सहभागिता, अनुशासन और रचनात्मक अभिव्यक्ति सराहनीय रही. प्रदर्शनी के माध्यम से संस्थान ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा, नवाचार एवं कौशल विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!