प्रोजेक्ट रेल साथी’ अभियान के तहत बरुणा में बच्चों और ग्रामीणों को किया जागरूक, सुरक्षा का दिलाया संकल्प
रेलवे ट्रैक के आसपास खतरनाक गतिविधियों और चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी रोकने के लिए आरपीएफ ने चलाया जागरूकता अभियान, खेल प्रतियोगिताओं का भी हुआ आयोजन

बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बक्सर की ओर से ‘प्रोजेक्ट रेल साथी’ अभियान के तहत बरुणा हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों, युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए रेल संपत्ति की रक्षा और सुरक्षित रेल यात्रा में जनसहभागिता की अपील की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेलवे सुरक्षा बल बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुन्दन कुमार ने कहा कि चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी करना गंभीर अपराध के साथ-साथ बेहद खतरनाक कृत्य है। इससे ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को गंभीर चोट लग सकती है और उनकी जान भी जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं में कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने बच्चों एवं युवाओं को रेलवे ट्रैक के आसपास खेलने, पटरी पर बैठने, रेलवे लाइन पर पत्थर रखने तथा अन्य असुरक्षित गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों और ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें।

अभियान के दौरान ‘प्रोजेक्ट रेल साथी’ के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बच्चों एवं युवाओं को खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के बीच म्यूजिकल चेयर, लंगड़ी दौड़ और स्टैच्यू गेम जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। वहीं, कार्यक्रम में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की ओर से लोगों को संदेश दिया गया कि रेलवे की सुरक्षा केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों से रेलवे संपत्ति की रक्षा करने तथा सुरक्षित रेल वातावरण बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी नहीं करने, रेलवे ट्रैक के आसपास असुरक्षित गतिविधियों से दूर रहने और रेलवे सुरक्षा बल के साथ मिलकर सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।



