
बक्सर। जी. डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज, बक्सर में डीएलएड सत्र 2024–26 के प्रशिक्षुओं की शैक्षणिक उपलब्धियों और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के उपलक्ष्य में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता की झलक भी देखने को मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रदीप मिश्र ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद् अनादि किशोर प्रणामी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद प्रशिक्षुओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर प्रशिक्षु सुनीता, रागिनी और कंचन सहित अन्य ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि संस्थान में मिले मार्गदर्शन से उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और शिक्षण कौशल में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रशिक्षुओं ने अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां मिले संस्कार और शिक्षा उनके भावी शिक्षक जीवन की अमूल्य पूंजी हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक प्रदीप मिश्र ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि समाज और देश के भविष्य का निर्माता होता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
वहीं संस्थान के प्राचार्य डॉ. जेआर चौधरी ने प्रशिक्षुओं की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि बेहतर परीक्षा परिणाम उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने भावी शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अर्चना, ममता, लकी, प्रियंका, पूजा और नेहा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वहीं अंशु, रागिनी और पूजा ने स्वागत गीत एवं छठ गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षु प्रीति कुमारी एवं डॉली कुमारी ने किया। अंत में सहायक प्राध्यापक सुनील मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
मौके पर मनोज त्रिगुण, अरविंद सिंह, प्रकाश मिश्र, निशांत मिश्र एवं डॉ. अश्विनी कुमार मिश्र सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्ववर्ती प्रशिक्षुओं में अमित, रामनिवास, विकास, छाया, माधुरी एवं आसिफ इकबाल सहित अन्य ने भी समारोह में भाग लिया।
समारोह ने प्रशिक्षुओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने के साथ ही भावी शिक्षक के रूप में नई जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।



