Others

दत्त क्लासेस प्रीमियर लीग की तैयारी पूरी, 16 टीमें दिखाएंगी दमखम

बक्सर। दत्त क्लासेस प्रीमियर लीग के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक दिवसीय इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें उत्तर प्रदेश और भोजपुर जिले की टीमें भी शामिल हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन की शुरुआत सुबह 9 बजे उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जबकि मुकाबले शाम करीब 4 बजे तक चलेंगे। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ टीम के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और क्षेत्ररक्षक का भी चयन किया जाएगा। इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण चांदी का सिक्का होगा, जिससे मैच का टॉस किया जाएगा। वहीं, विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप चांदी का सिक्का प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की भी संभावना है।

दत्त क्लासेस के निदेशक अविनाश दत्त ने बताया कि प्रतियोगिता को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनमें प्रतिभा और क्षमता तो है, लेकिन उचित मंच नहीं मिलने के कारण वे आगे नहीं बढ़ पाते। यह प्रतियोगिता ऐसे खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगी।

उन्होंने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और आत्मविश्वास का विकास होता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। खेल से मिलने वाली ऊर्जा और उत्साह विद्यार्थियों को पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का शैक्षणिक विकास करना ही नहीं, बल्कि उनके मानसिक और सर्वांगीण विकास को भी समान महत्व देना है।

निदेशक ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों के प्रति भी उत्साह बढ़ेगा। इस अवसर पर बबलू, चीकू, अभय, दानिश, रोनित, राजकुमार सहित कई छात्र उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!