
बक्सर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम जनता के आवागमन के लिए तत्काल खोलने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गुमटी बंद रहने से क्षेत्र की जनता को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
मुलाकात के दौरान डीआरएम ने बताया कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी को बक्सर जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षतिग्रस्त रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य को अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में इतनी कम अवधि में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा होना संभव नहीं दिख रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि जल्दबाजी में किया गया निर्माण कार्य भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने मांग की कि जब तक आरओबी पूरी तरह सुरक्षित होकर आवागमन के लिए चालू नहीं हो जाता, तब तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम लोगों के लिए खोल दिया जाए।

पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि गुमटी बंद रहने से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पांडेपट्टी मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा स्कूल बसों और भारी वाहनों के पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे आसपास के सैकड़ों गांवों की लाखों आबादी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि डीआरएम ने उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलने तक वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब बक्सर की जनता इस गंभीर समस्या से जूझ रही थी, तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को समय रहते पहल करनी चाहिए थी। उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना है।
अंत में उन्होंने बक्सर की जनता से इस जनहित की लड़ाई में सहयोग, समर्थन और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।




