
बक्सर. राजपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुंगाव स्थित पंचायत सरकार भवन में पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का आयोजन पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक श्री संतोष कुमार निराला के मार्गदर्शन में किया गया.
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे. मौजूद अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया.
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. पंचायत सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं और समस्याओं के समाधान की सुविधा मिल रही है.

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे. इस दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से धरातल पर लागू करने पर जोर दिया गया.
मौके पर कहा गया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है.




