राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में फाउंडेशन स्कूल के चार विद्यार्थियों ने बढ़ाया बक्सर का मान


बक्सर।गुरुदास म on स्थित फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे बक्सर जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन बिहार खो-खो टीम में हुआ, जिन्होंने विभिन्न राज्यों में आयोजित राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व किया।

विद्यालय की छात्रा सोनम मौर्य का चयन अंडर-14 बालिका वर्ग में बिहार टीम के लिए हुआ, जिन्होंने राजस्थान के केकड़ी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता की। वहीं अमित कुमार एवं अमन कुमार का चयन अंडर-14 बालक वर्ग में हुआ, जिन्होंने गुजरात के सूरत में आयोजित राष्ट्रीय खो-खो
प्रतियोगिता में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा हर्षित चौबे का चयन अंडर-17 वर्ग में बिहार टीम के लिए हुआ, जिन्होंने बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया।
एक ही विद्यालय से चार विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना फाउंडेशन स्कूल के लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि में विद्यालय के प्रशिक्षक कोच इमरान खान, सुनील तिवारी एवं सरदार सिंह का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से विद्यार्थियों ने यह मुकाम हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि फाउंडेशन स्कूल छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करता रहेगा।



