बक्सर में 50 हजार जरूरतमंदों को मिलेगी नई रोशनी कृतपुरा में निशुल्क मोतियाबिंद महाशिविर का भव्य शुभारंभ

बक्सर। जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कृतपुरा गांव में सोमवार को श्री रणछोड़दासजी बापू चैरिटेबल हॉस्पिटल, राजकोट के तत्वावधान में आयोजित निशुल्क सबसे बड़े मोतियाबिंद महाशिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन विश्व प्रसिद्ध परम पूज्य भक्तमाली मामा जी महाराज की पुत्री सिया जी ने रणछोड़दासजी बापू के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस विशाल नेत्र शिविर का उद्देश्य बिहार के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लगभग 50 हजार लोगों को आधुनिक तकनीक से निशुल्क नेत्र उपचार उपलब्ध कराना है। यह शिविर आगामी 31 मार्च 2026 तक अनवरत चलेगा, जिसमें बक्सर जिला ही नहीं बल्कि पूरे बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग भी पहुंचकर लाभ उठा सकते हैं।
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी प्रवीणभाई वसाणी ने बताया कि यह शिविर परम पूज्य श्री रणछोड़दासजी बापू श्री के दिव्य संदेश “मरीज मेरे भगवान हैं” और “मुझे भूल जाना, पर नेत्रयज्ञ को नहीं भूलना” को साकार करने का प्रयास है। इसी प्रेरणा से बक्सर सहित पूरे बिहार के जरूरतमंदों के लिए इस महानेत्रयज्ञ का आयोजन किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिविर में आधुनिक फेको मशीन के माध्यम से बिना टांके मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाएगा। मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाला सॉफ्ट फोल्डेबल लेंस पूरी तरह निशुल्क लगाया जाएगा, जिससे दृष्टि सुरक्षित और शीघ्र वापस आ सके। यदि किसी मरीज को दोनों आंखों का ऑपरेशन कराना है, तो एक माह के अंतराल पर दूसरा ऑपरेशन भी किया जाएगा।
शिविर में मरीजों के लिए जांच, ऑपरेशन, दवा पूरी तरह निशुल्क है। साथ ही नाश्ता, भोजन और ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। मरीज के साथ एक परिजन के रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध है। उपचार के बाद मरीजों को अन्न एवं वस्त्र देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी तथा प्रत्येक मरीज की आरती उतारकर भावनात्मक सम्मान किया जाएगा।
जांच व ऑपरेशन की व्यवस्था
रजिस्ट्रेशन और जांच के लिए लक्ष्मीपुर चिराग संस्था के समीप 14 बीघा जमीन में विशाल टेंट लगाया गया है। वहीं ऑपरेशन कृतपुरा मंदिर सह मैरेज हॉल परिसर में 10 अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जा रहा है। प्रत्येक मरीज को लगभग तीन दिन शिविर में रहना होगा।
आयोजकों का कहना है कि इस शिविर के माध्यम से मोतियाबिंद से पीड़ित हजारों लोगों को नई रोशनी और नया जीवन मिलेगा। यह पहल केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवता और करुणा का जीवंत उदाहरण है।
उद्घाटन समारोह में राजपुर विधायक संतोष निराला, हुलास पांडेय, बबन राय, राघवेंद्र राय, सोनू राय, मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र प्रजापति, शिवजी यादव, जितेंद्र राय, गणेशदत्त मिश्रा, मदन राय, ललनारायण राय, जयमंगल मिश्रा, खड्गधारी शर्मा, भालचंद मिश्रा, रामावतार यादव, रामप्रवेश यादव, कोतवाल यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन अशोक मिश्रा ने किया।
आम जनता से अपील
मोतियाबिंद से पीड़ित जरूरतमंद लोग अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर का लाभ उठाएं और इस जानकारी को अपने गांव और समाज तक पहुंचाकर दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति आंखों की रोशनी से वंचित न रहे।




