
बक्सर नीट परीक्षा पेपर लीक मामले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के बैनर तले दिव्यांगजनों ने शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया.
पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगजनों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए.

इस मौके पर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर के अलावा दिलीप राम, प्रमोद केसरी, जितेंद्र गुप्ता, प्रिंस, प्रिंस इदरीसी, पिंटू वर्मा, अभय पासवान, पप्पू जायसवाल, कृष्णा राम, मोहम्मद आफताब सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे.




